नगला गहियर के पास हादसा, किसानों ने ठेकेदार की लापरवाही बताई; मुआवजे की मांग तेज
मैनपुरी | संवाददाता
जनपद मैनपुरी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बंबा की खंदी टूटने से किसानों की हजारों बीघा गेहूं की फसल पानी में बहकर बर्बाद हो गई। किसानों का आरोप है कि यह नुकसान ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुआ है।
जानकारी के अनुसार घटना नगरिया–रजवाह मार्ग पर नगला गहियर के पास की है। यहां अचानक बंबा की खंदी टूट गई, जिसके बाद तेज बहाव के साथ पानी आसपास के खेतों में भर गया। देखते ही देखते किसानों की हजारों बीघा गेहूं की खड़ी फसल पानी में डूबकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से खंदी को बांधने का प्रयास किया गया। हालांकि पानी का बहाव इतना तेज था कि खंदी को पूरी तरह से संभाल पाना संभव नहीं हो सका और वह पूरी तरह से टूट गई।
मौके पर राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के जिला अध्यक्ष ब्रजनंदन राजपूत भी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते खंदी की मरम्मत कर दी जाती तो किसानों की फसल को इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।
फिलहाल प्रभावित किसान प्रशासन से जल्द नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
बाइट: ग्रामीण
रिपोर्ट: मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी