मैनपुरी: फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” पर रोक की मांग, यादव महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
मैनपुरी। जनपद में प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर विवाद तेज हो गया है। जिला यादव महासभा, मैनपुरी ने फिल्म के शीर्षक और कथानक पर आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की अपील की।
महासभा का कहना है कि फिल्म की कहानी कथित रूप से एक मुस्लिम युवक और यादव समाज की युवती के प्रेम प्रसंग पर आधारित बताई जा रही है। संगठन का आरोप है कि फिल्म को ‘लव-जिहाद’ जैसे विवादित संदर्भों में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उनका यह भी कहना है कि फिल्म का शीर्षक और प्रस्तुति यादव समाज की सामूहिक पहचान और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जनहित और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फिल्म के प्रदर्शन और प्रचार पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इसकी विषयवस्तु की गहन जांच कर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।
इस मामले में जिला अध्यक्ष इंजीनियर शुभम सिंह ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जनपद में सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिपोर्ट: मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मैनपुरी