पीसीटी
समाचार

मैनपुरी जिला अस्पताल में वार्ड बॉय और पुलिस के बीच विवाद, स्टाफ ने किया काम का बहिष्कार
मुंशी पर शराब के नशे में अभद्रता का आरोप, कार्रवाई न होने से नाराज़ अस्पताल स्टाफ ने धरने की दी चेतावनी

मैनपुरी के जिला अस्पताल में वार्ड बॉय और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इस घटना से नाराज़ अस्पताल के कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर दिया है और कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के वार्ड बॉय सुशील कुमार का आरोप है कि 26 जनवरी को वह एक शिकायत लेकर थाना कोतवाली पहुंचे थे। वहां मौजूद मुंशी ने कथित रूप से शराब के नशे में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।
घटना के अगले दिन सुशील कुमार के साथ जिला अस्पताल का पूरा स्टाफ थाना कोतवाली पहुंचा और कोतवाल से मुंशी को बुलाकर माफी मंगवाने की मांग की। आरोप है कि कोतवाल ने माफी मंगवाने से इनकार कर दिया और कहा कि यदि चाहें तो मुंशी को सस्पेंड करवा दीजिए।
इसके बाद मामले की शिकायत अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज़ अस्पताल स्टाफ ने काम का बहिष्कार कर दिया है।
वार्ड बॉय सुशील कुमार का कहना है कि उनकी दो प्रमुख मांगें हैं।
पहली, जिला अस्पताल में बनी पुलिस चौकी को सुचारू रूप से चालू कर वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।
दूसरी, थाना कोतवाली के मुंशी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो काम का बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन तीन दिन तक जारी रहेगा। कार्रवाई होने के बाद ही अस्पताल स्टाफ वापस काम पर लौटेगा।
(बाइट: पीड़ित/डॉक्टर)
— मैनपुरी से मोहित गुप्ता की रिपोर्ट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *