पिंक सिटी टाइम्स

मिशन शक्ति व पुलिस की संयुक्त पहल, छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश
फिरोजाबाद।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और ऑपरेशन जागृति के तहत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन मिशन शक्ति एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सुगरा बेगम इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह, साइबर हिंसा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सचेत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन सहित आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई। हब स्टाफ की मोहिनी शर्मा ने महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रवि शंकर प्रसाद और जिला मिशन शक्ति अधिकारी अनम आकाशा ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए बताया कि किस प्रकार कम उम्र में भावनात्मक रिश्तों के चलते बच्चे हिंसा और अपराध का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं से सतर्क रहने और किसी भी असहज स्थिति में तुरंत मदद लेने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु में लड़की और 21 वर्ष से कम आयु में लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी ऐसा मामला सामने आए तो तुरंत 1098, 1090 या 112 पर सूचना देने को कहा गया।
जिला हब स्टाफ के अरुण ने छात्राओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं— मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन—के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना रसूलपुर के थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार, एसआई अलका, पुलिस कर्मी, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन की टीम, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *