महिलाओं एवं बालिकाओं का सशक्तिकरण जागरूकता से ही संभव : योगेश शिवा
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा की अध्यक्षता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा के महत्व, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से महिला सम्मान, समानता और जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं ने समाज में महिला सशक्तिकरण और विधिक जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से फैलाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सशक्तिकरण तभी संभव है जब वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। शिक्षा, आत्मविश्वास और विधिक जानकारी महिलाओं को समाज में सम्मानजनक और सशक्त स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में अपने वाद प्रस्तुत करने की अपील भी की।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, पारिवारिक विवाद, विद्युत व जल बिल से जुड़े मामलों सहित अन्य समझौता योग्य वादों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित और सरल निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं, शिक्षिकाओं और अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।