फिरोजाबाद।
फिरोजाबाद में माथुर वैश्य इंटरनेशनल महिला एकता द्वारा “आरोही 2026” कार्यक्रम के अंतर्गत होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ होली का पर्व मनाया।
समारोह के दौरान संस्था की सदस्याओं ने समाज सेवा का उदाहरण पेश करते हुए जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण एक बच्चे की पढ़ाई बीच में रुक गई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए संस्था की सदस्याओं ने उसकी आगे की पढ़ाई का जिम्मा उठाने का निर्णय लिया। वहीं एक अन्य बच्चे की दो वर्ष की फीस भी संस्था की महिलाओं के सहयोग से जमा कराई जा रही है।
इसके अलावा सेवा कार्य के तहत संस्था द्वारा एक असहाय महिला को एक माह का राशन उपलब्ध कराया गया तथा घर में तैयार भोजन का भी वितरण किया गया।
होली मिलन के अवसर पर महिलाओं ने राधा-कृष्ण स्वरूप धारण कर फूलों की होली खेली, जिससे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में नई सदस्याओं का स्वागत किया गया और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
संस्था की अध्यक्षा अर्चना रामकुमार गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान जनरल नॉलेज से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनके सही उत्तर देने वाली महिलाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही होली के मंगल गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंजू गुप्ता, रूबी, रचना, नीशू, रेखा, सुनीता, लक्ष्मी सहित संस्था की कई सदस्याएं मौजूद रहीं।
oplus_0