भाजपा नेताओं पर वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश का आरोप, सपा ने सौंपा ज्ञापनफिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सैकड़ों की संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। सपा का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोग प्रपत्र-7 के माध्यम से मतदाता सूची से वास्तविक वोटरों के नाम कटवाने की साजिश कर रहे हैं।सपा नेताओं का कहना है कि 97 विधानसभा क्षेत्र फिरोजाबाद में SIR ड्राफ्ट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मतदाताओं के नाम अंतिम ड्राफ्ट सूची में प्रकाशित किए जा चुके हैं। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेजों की प्रतिलिपियां संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराई गई थीं, जिसके बाद सत्यापन के आधार पर नाम सूची में शामिल किए गए।इसके बावजूद आरोप लगाया गया कि भाजपा से जुड़े कुछ नेता जानबूझकर भ्रामक, मनगढ़ंत और असत्य शिकायतें दर्ज कर प्रपत्र-7 भर रहे हैं, ताकि वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाए जा सकें। सपा का दावा है कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और नागरिकों को उनके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित करने का प्रयास है।ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रपत्र-7 भरने वाले शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से एफिडेविट लिया जाए, जिससे यदि शिकायत झूठी पाए जाए तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही ऐसे मामलों में जेल भेजने जैसी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।सपा नेताओं ने प्रशासन से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए।