भव्य प्रभात फेरी के साथ शुरू हुआ झूलेलाल जन्मोत्सव, 20 मार्च को दिनभर होंगे धार्मिक कार्यक्रम
फिरोजाबाद। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव को लेकर शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बनने लगा है। रविवार सुबह समाज के श्रद्धालुओं ने भव्य प्रभात फेरी निकालकर जन्मोत्सव कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाइक और स्कूटर के साथ शामिल हुए और पूरे रास्ते भगवान झूलेलाल के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रभात फेरी सुबह करीब 7 बजे छोटा चौराहा स्थित राधा कृष्ण मंदिर से शुरू हुई। रैली गंज चौराहा, सेंट्रल चौराहा, जलेसर रोड, संत कंवर राम दरबार, मोक्षधाम जलेसर रोड, मोनार्क चौराहा, सुभाष चौराहा, बस स्टैंड और स्टेशन रोड होते हुए लेबर कॉलोनी स्थित झूलेलाल चौक के झूलेलाल मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ यात्रा में शामिल रहे।
प्रभात फेरी के समापन पर झूलेलाल मंदिर में सामूहिक आरती आयोजित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
20 मार्च को होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
आयोजकों के अनुसार भगवान झूलेलाल जन्मोत्सव के अवसर पर 20 मार्च को लेबर कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 8:30 बजे महाआरती से होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे बहराणा साहिब (ज्योति पूजन) एवं प्रसाद वितरण होगा।
शाम 6 बजे भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का समापन रात्रि 9 बजे भंडारे के साथ किया जाएगा।
आयोजकों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव को लेकर सिंधी समाज में खासा उत्साह है और तैयारियां तेजी से चल रही हैं।