पिंक सिटी टाइम्स

बैंक गबन मामले में ऐतिहासिक फैसला, 172 दिन में 6 दोषियों को कड़ी सजा

फिरोजाबाद जनपद के थाना जसराना क्षेत्र में इंडियन बैंक शाखा से करोड़ों रुपये के गबन मामले में पुलिस की प्रभावी पैरवी रंग लाई है। ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत मात्र 172 दिनों में न्यायालय ने एक अभियुक्त को आजीवन कारावास और पांच अन्य अभियुक्तों को 10-10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए गए अभियान के अंतर्गत थाना जसराना के मु.अ.सं. 73/2025 में यह बड़ी सफलता मिली है।

क्या है पूरा मामला

इंडियन बैंक अंचल कार्यालय आगरा के अंचल प्रमुख तरुण कुमार की तहरीर पर सामने आया कि बैंक की जसराना शाखा में तैनात तत्कालीन शाखा प्रबंधक राघवेन्द्र सिंह और क्लर्क जयप्रकाश सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विभिन्न खाताधारकों के खातों से करीब 1 करोड़ 85 लाख 97 हजार 900 रुपये से अधिक का गबन किया।

जांच के दौरान इस संगठित धोखाधड़ी में कुल 6 अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई, जिनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।

सजा का विवरण

न्यायालय ने अभियुक्त जयप्रकाश सिंह को

आजीवन कारावास

5 लाख 50 हजार रुपये अर्थदंड

जबकि अन्य अभियुक्तों—

प्रवीन कुमार

कुंवरपाल

आकाश

वीर बहादुर

सुखदेव सिंह

को

10-10 वर्ष का कारावास

5-5 लाख रुपये का अर्थदंड

से दंडित किया है।

पुलिस की प्रभावी पैरवी

इस पूरे मामले में थाना जसराना पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और एसओजी/सर्विलांस टीम द्वारा की गई सटीक विवेचना और ठोस साक्ष्य संकलन ने अहम भूमिका निभाई। विवेचना तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह, अभियोजन अधिकारी श्री अवधेश शर्मा और पैरोकार हेड कांस्टेबल जगदीश तोमर की प्रभावी भूमिका से यह फैसला संभव हो सका।

संदेश साफ

यह फैसला न सिर्फ आर्थिक अपराधों पर सख्त संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश पुलिस का ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान न्याय दिलाने में तेजी और मजबूती से काम कर रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *