बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ फिरोजाबाद में ‘आप’ का विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) की महानगर इकाई ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोटला चुंगी फ्लाईओवर के नीचे धरना दिया और केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान एसडीएम सदर सतेंद्र सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
महानगर अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी के नेतृत्व में सौंपे गए पत्र में आरोप लगाया गया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों पर हमले, महिलाओं और बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और भय के चलते हो रहा पलायन मानवता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पार्टी का कहना है कि इन घटनाओं के बावजूद भारत सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
ज्ञापन में कहा गया कि भारत एक लोकतांत्रिक और नैतिक मूल्यों वाला देश है, ऐसे में पड़ोसी राष्ट्र में हो रहे अत्याचारों पर चुप्पी उचित नहीं है। आप ने मांग की कि भारत अपनी कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय शक्ति का प्रयोग कर पीड़ित हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि भारत सरकार मौन बनी रही, तो इससे अत्याचार करने वालों का मनोबल और बढ़ेगा।
आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर केंद्र सरकार को त्वरित और कठोर निर्णय लेने के निर्देश दें। प्रमुख मांगों में भारत-बांग्लादेश के व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों पर रोक, बांग्लादेश को दी जा रही बिजली आपूर्ति बंद करने और अडानी समूह द्वारा वहां की जा रही विद्युत आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाने की मांग शामिल है।
इसके साथ ही पत्र में यह मुद्दा भी उठाया गया कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में विशेष संरक्षण मिलने से वहां भारत और विशेषकर हिंदुओं के खिलाफ नफरत को बढ़ावा मिल रहा है। पार्टी ने प्रधानमंत्री से इस विषय पर स्पष्ट और कठोर रुख अपनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।