बकाया वेतन न मिलने से शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय के ठेका कर्मचारी तीसरे दिन भी हड़ताल पर
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद स्थित संयुक्त चिकित्सालय में तैनात ठेका कर्मचारियों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बीते छह माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है। मजबूरी में कर्मचारियों ने काम बंद कर आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
बुधवार सुबह स्थिति को संभालने के लिए थाना पुलिस अस्पताल परिसर पहुंची और कर्मचारियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त करने का प्रयास किया। लेकिन कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वार्ता के बाद सभी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी से मिलने डीएम कार्यालय रवाना हो गए। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार कंपनी और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
इस मामले में संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरसी केशव ने बताया कि हड़ताल कर रहे कर्मचारी अस्पताल के प्रत्यक्ष कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि ठेका कंपनी के अधीन कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन कंपनी से लगातार संपर्क में है और कर्मचारियों का वेतन दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
हड़ताल के चलते अस्पताल की सफाई, सुरक्षा और अन्य सहायक सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं, जिससे मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी प्रतिनिधियों हिमांशु और शिमला ने बताया कि जब तक उन्हें उनका मेहनताना नहीं मिलेगा, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।