फिरोजाबाद | समाज कल्याण विभाग की पहल
“एक पेड़ मां के नाम” से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पीढ़ियों को जोड़ने की अनूठी पहल
फिरोजाबाद में समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और विभिन्न पीढ़ियों के बीच भावनात्मक संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। गुरुवार को चर्चित फाउंडेशन के सहयोग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत छह दिवसीय जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन दबरई स्थित नवीन यातायात कार्यालय परिसर में किया गया, जहां “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान ज्वाइंट पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश गुनावत, यातायात प्रभारी महेश चन्द, हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुनीता पाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और पुलिस कर्मियों ने सहभागिता की।
इसके साथ ही सीएलसीएल जूनियर हाई स्कूल, सैलई में चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें एक छात्र और एक वरिष्ठ नागरिक की संयुक्त टीम बनाई गई। सामान्य ज्ञान और धार्मिक विषयों पर आधारित प्रश्नों में वरिष्ठ नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सही उत्तर देने वाली टीमों को संस्था द्वारा पुरस्कृत किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच संवाद, स्नेह और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और मूल्यों के संरक्षक हैं, जिन्हें सक्रिय और सम्मानजनक जीवन देना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन इस माह आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, शुगर, गठिया (आर्थराइटिस) और डिमेंशिया जैसी बीमारियों के उपचार और दवाइयों की व्यवस्था भी की जाएगी। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक विभाग में पंजीकरण कराकर इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद फौरन सिंह, विद्यालय प्रबंधक ए.के. सिंह, प्रधानाचार्य शिव कुमार, महिला परामर्श केंद्र प्रभारी प्रीति राय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।