पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद: विकलांग विधवा पर बिजली चोरी का आरोप, एक ही कनेक्शन पर दो अलग-अलग नोटिस, जिलाधिकारी से न्याय की गुहार
फिरोजाबाद जनपद में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना रामगढ़ क्षेत्र के मोमिन नगर छोटा लालपुर निवासी एक विकलांग विधवा महिला पर कथित रूप से फर्जी आधार पर बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए विभाग ने एक ही दिन में एक ही कनेक्शन पर दो अलग-अलग धनराशि के नोटिस जारी कर दिए। पीड़िता ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
पीड़िता सोनी बेगम, पुत्री स्वर्गीय मोहम्मद यासीन, दोनों पैरों से विकलांग हैं और छोटी परचून की दुकान चलाकर जीवनयापन कर रही हैं। उनके नाम घरेलू विद्युत कनेक्शन संख्या 4778622206 स्वीकृत है, जिसकी स्वीकृत क्षमता मात्र एक किलोवाट है। महिला का कहना है कि वह नियमित रूप से बिजली बिल जमा करती रही हैं और उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की अनियमितता का कोई आधार नहीं है।
इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा 13 नवंबर 2025 को एक ही कनेक्शन पर बिजली चोरी के दो नोटिस जारी किए गए। पहले नोटिस में 34,788 रुपये और दूसरे नोटिस में 50,090 रुपये की वसूली दर्शाई गई है। पीड़िता का आरोप है कि उनका बिजली मीटर घर के बाहर लगा है और उनके घर के सामने लगे पोल से मोहल्ले के कुछ लोग अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते हैं, लेकिन कार्रवाई उनके विरुद्ध की गई।
महिला ने बताया कि 12 दिसंबर 2025 को उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी को दी थी, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा विभागीय कर्मचारियों द्वारा उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया, जिससे वह अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली कटने से उनकी दैनिक जरूरतें और दुकानदारी दोनों प्रभावित हो रही हैं।
दोनों पैरों से विकलांग होने के कारण बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाना भी उनके लिए बेहद कठिन है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित फर्जी नोटिसों को निरस्त किया जाए और उनका बिजली कनेक्शन तत्काल बहाल कराया जाए।
यह प्रकरण न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि गरीब, असहाय और दिव्यांग महिलाओं के प्रति प्रशासनिक संवेदनशीलता की भी परीक्षा ले रहा है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *