फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस छात्र गिरफ्तार, पत्नी से अमानवीय व्यवहार और सामूहिक दुष्कर्म कराने का आरोप
हरियाणा के नूंह जिले में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई, हॉस्टल के कमरे से किया गया गिरफ्तार
फिरोजाबाद।
फिरोजाबाद के स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज से हरियाणा पुलिस ने एक एमबीबीएस छात्र को गिरफ्तार किया है। छात्र पर अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपी के खिलाफ हरियाणा में पहले से मुकदमा दर्ज था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र में 23 सितंबर 2025 को पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर बनने के बाद उसका पति उसे बदसूरत और जाहिल कहकर प्रताड़ित करता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर उसका अपहरण किया और उसे नीमका के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कराया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी और उसके साथियों ने महिला को नग्न अवस्था में जंगल में छोड़ दिया और उसकी तस्वीरें भी खींचीं।
सोमवार रात हरियाणा के नूंह जिले की बिछौर थाना पुलिस फिरोजाबाद पहुंची और थाना नारखी पुलिस के साथ स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्रवाई की। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के कमरा नंबर 205 से एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र हरियाणा के पलवल जिले के अंधोला (हथीन) का रहने वाला है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा एफआईआर की प्रति और संबंधित साक्ष्य दिखाए जाने के बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल हरियाणा पुलिस आरोपी छात्र को अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।