पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद में PM आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 1839 लाभार्थियों के खातों में पहुंचे एक-एक लाख रुपये, लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र
फिरोजाबाद।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेशभर में गरीब और मध्यम वर्ग को पक्की छत देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से प्रदेश के 2 लाख लाभार्थियों के खातों में 2 हजार करोड़ रुपये की राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया गया। इसी क्रम में जनपद फिरोजाबाद में भी कुल 1839 लाभार्थियों के बैंक खातों में एक-एक लाख रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई।
इस अवसर पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत चयनित लाभार्थियों — सीमा देवी, हेमलता, रेखा देवी, शाजिया बेगम, अनीता, सुदामा, कमलेश, सुमन देवी, पिंकी, श्यामा देवी और केशकांति — को सदर विधायक मनीष असीजा, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं महापौर कामिनी राठौर के हाथों प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार निरंतर समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। लक्ष्य है कि कोई भी नागरिक बेघर न रहे और हर परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का संकल्प है — हर सिर पर छत। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 निश्चित रूप से शहरी गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में स्थायी बदलाव लाने वाली योजना है।
महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि आज योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। पक्का मकान केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा प्रमाण पत्र वितरण का लाइव प्रसारण भी सभागार में दिखाया गया। संचालन अश्विनी जैन ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त गुंजन द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, पीओ डूडा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *