पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में 21 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चोरी और हत्या के पुराने मामले में वांछित परवेज नामक बदमाश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, करीब आधा दर्जन कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे थाना उत्तर पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी बेंदी की पुलिया के पास छिपा हुआ है। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगभग 21 वर्ष पहले चोरी की वारदात के दौरान हत्या की घटना को अंजाम दिया था और तभी से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल अवस्था में आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी और सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *