पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में 1 करोड़ की अवैध शराब पकड़ी: दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
फिरोजाबाद। जनपद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की है। संयुक्त अभियान में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो पंजाब से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर की गई। थाना मटसेना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:50 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दतावली अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या CG 07 CG 5533 को रोका।
तलाशी लेने पर ट्रक से 810 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 7129.44 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान नीर खां पुत्र बहादुर खां और सवाई सिंह पुत्र मलसिंह के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के बाड़मेर जिले के धौरीमन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम खरडिया के निवासी हैं।
नीर खां ट्रक चालक था, जबकि सवाई सिंह सह-चालक के रूप में साथ चल रहा था।
ट्रक और मोबाइल भी जब्त
बरामदगी के दौरान पुलिस ने एक अशोका लीलैंड कंपनी का ट्रक और एप्पल कंपनी का टच मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि ट्रक के आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि पीछे पीले रंग की प्लेट पर काले अक्षरों में नंबर अंकित था, जिससे संदेह और गहरा गया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लाकर बिहार में तस्करी करते थे। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहां अवैध शराब की मांग अधिक है और उन्हें ऊंचे दाम पर बिक्री से ज्यादा मुनाफा मिलता था।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना मटसेना में मु0अ0सं0 33/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पाण्डेय, थानाध्यक्ष विमलेश कुमार त्रिपाठी सहित मटसेना थाना और एसओजी टीम के कुल 18 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जनपद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *