पीसीटी
समाचार


फिरोजाबाद, 13 मार्च। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रख्यात समाज सुधारक शिवदयाल चौरसिया की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महासचिव मीना राजपूत ने की, जबकि संचालन पूर्व विधायक विनोद गौतम ने किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिवदयाल चौरसिया के सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक रामवीर सिंह यादव ने कहा कि शिवदयाल चौरसिया महान समाज सुधारक, सामाजिक न्याय के पुरोधा और देश के पहले पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रहे। उन्होंने कहा कि आयोग में दिया गया उनका 67 पेज का असहमति नोट आगे चलकर मंडल आयोग की रिपोर्ट तैयार करने की बुनियाद बना।
वक्ताओं ने बताया कि शिवदयाल चौरसिया राज्यसभा सदस्य रहने के दौरान और उसके बाद भी अंतिम सांस तक न्यायालय से लेकर सड़क तक वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे।
राष्ट्रीय सचिव सत्येंद्र जैन सोली ने अपने संबोधन में कहा कि शिवदयाल चौरसिया को लोक अदालत के जनक के रूप में भी याद किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1928 में एलएलबी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 1929 में वे रजिस्टर्ड एडवोकेट बने और लखनऊ के लोअर कोर्ट, लखनऊ हाईकोर्ट के साथ-साथ बिहार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट नई दिल्ली में भी सफलतापूर्वक वकालत की।
उन्होंने कहा कि शिवदयाल चौरसिया हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के एक प्रतिष्ठित वकील रहे और समाज में न्याय और समानता के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में रघुराज सिंह सविता, इंजीनियर महेंद्र निषाद, नवीन कुमार राजपूत, राजकुमार राठौर, ठाकुर अंशुल यादव, जमुना कठेरिया, नरेश शंखवार, नीरज यादव, कृष्णा मोहन चक्रवर्ती, बंटू यादव, रोहित दयाल सविता, देव राजपूत, इंजीनियर श्रीनिवास सगर, बृजेश कुमार, सुनील यादव, सीटू अशोक यादव, जिला पंचायत सदस्य डॉ. रुमा यादव, छोटेलाल पेट्रोल सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *