पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में ‘रंगों’ का खेल बेनकाब! होली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 6 क्विंटल रंगीन चूरी जब्त
फिरोजाबाद। होली के त्योहार से पहले बाजार में बिक रही रंग-बिरंगी खाने वाली चूरी पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सनसनी फैला दी। त्योहारों में बढ़ती मांग के बीच मिलावट और कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल की शिकायत मिलने पर विभागीय टीम ने चिस्ती नगर स्थित भारत ट्रेडर्स पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को मौके पर खाने के रंगों का प्रयोग कर चूरी तैयार करते हुए पाए जाने की सूचना सही मिली। कार्रवाई में करीब 6 क्विंटल कच्चा और तैयार माल बरामद किया गया। टीम ने तत्काल तैयार चूरी के नमूने सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
त्योहारों पर मिलावटखोरों पर सख्ती
खाद्य अधिकारी चंदन पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर होली सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए जनपद में विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। बाजार में बिकने वाली मिठाइयों, नमकीन, रंगीन खाद्य पदार्थों और अन्य खान-पान की वस्तुओं की लगातार जांच की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में चूरी में प्रतिबंधित या हानिकारक रंगों की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मौके पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
होली पर बढ़ती मांग, बढ़ता खतरा
होली के दौरान रंग-बिरंगी खाने वाली चूरी और अन्य आकर्षक खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ व्यापारी अधिक मुनाफे के लालच में कृत्रिम और सस्ते रंगों का इस्तेमाल कर स्वास्थ्य को जोखिम में डाल देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे रंग पेट, त्वचा और लीवर संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुले में बिक रहे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की खरीदारी से बचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तुरंत खाद्य विभाग को दें।
होली से पहले हुई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने प्रशासन की इस सख्ती को सराहा है। अब सभी की नजर प्रयोगशाला रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *