पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई गई, ब्रह्माकुमारी आश्रम में सजी बाबा अमरनाथ की भव्य गुफा
फिरोजाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ज्योति भवन, केलादेवी स्थित आश्रम में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर उत्सव की शुरुआत की गई तथा झंडारोहण भी किया गया। इस अवसर पर बाबा अमरनाथ की भव्य गुफा का निर्माण किया गया, जिसमें शंकर-पार्वती और बाबा अमरनाथ के आकर्षक स्वरूप सजाए गए। साथ ही 12 फीट ऊंचा शिवलिंग और चैतन्य स्वरूप में शिव परिवार की सुंदर झांकी तैयार की गई, जिसके दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर कामिनी राठौर, मुकेश वर्मा, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) के अध्यक्ष डॉ. प्रभास्कर रॉय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिव प्रतिमा एवं शिव परिवार की आरती उतारी। सेंटर संचालिका सरिता दीदी ने भी कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
सेंटर संचालिका सरिता दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि परमात्मा शिव ही सच्चे कल्याणकारी हैं। शिव का अर्थ ही कल्याणकारी होता है। उन्होंने कहा कि परमात्मा के वास्तविक स्वरूप को समझे बिना मनुष्य को शांति और शक्ति की प्राप्ति नहीं हो सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी देवता को परमात्मा नहीं कहा जाता, केवल शिव ही परमात्मा हैं। जब नारी परमात्मा शिव से जुड़ती है तो वह शिव शक्ति बन जाती है। परमात्मा ने आकर नारी का सम्मान बढ़ाया है, इसलिए समाज को भी महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
अंजना दीदी ने कहा कि भारत में नारी को शक्ति का स्वरूप माना जाता है और जब नारी शक्ति का अपमान होता है, तब परमात्मा स्वयं अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं।
कार्यक्रम में नीरज पटेल, दिनेश उपाध्याय, आचार्य ध्रुव कुमार, राकेश गोयल (सीए), कमलेश सचदेवा, नीरू अरोरा, राशि विज, सेंटर की बहनें एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *