पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल — 3 बाइक, तमंचे और मोबाइल बरामद
फिरोजाबाद। जनपद में लूट की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टूण्डला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि लूट की मोटरसाइकिलों का सौदा करने के लिए दो संदिग्ध बदमाश पुराना बाईपास रोड पर गेल गैस से पहले खाली प्लॉट में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ओमवीर पुत्र पप्पू और अमन पुत्र सतीश चन्द्र, निवासी ग्राम नागऊ थाना टूण्डला, जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना टूण्डला में दर्ज मोटरसाइकिल लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे 315 बोर, 4 खोखा कारतूस, 3 जिंदा कारतूस, 3 लूटी हुई मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में होंडा एसपी शाइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर और सीडी डीलक्स शामिल हैं, जो अलग-अलग मामलों में लूटी गई थीं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस लूट गैंग में उनके साथ सौरभ, विक्रम और अर्जुन उर्फ पूर्वी उर्फ रॉकी भी शामिल हैं। पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार शर्मा, आदेश कुमार, अभय कुमार, हर्षित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पिंक सिटी टाइम्स रिपोर्ट:
टूण्डला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लूट गैंग का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *