फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद, 2 मार्च 2026। जनपद के थाना नसीरपुर क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में थाना नसीरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
क्या थी घटना?
वादी राजेश कुमार ने थाना नसीरपुर में तहरीर दी थी कि वह ऑटो चालक है। 1 मार्च 2026 की रात दो व्यक्तियों ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से ग्राम रपड़ी जाने के लिए उसका ऑटो बुक किया। रास्ते में दोनों आरोपियों ने उससे ऑटो, मोबाइल फोन और 1,200 रुपये लूट लिए।
इस संबंध में थाना नसीरपुर पर मु0अ0सं0 42/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटा गया ऑटो ग्राम रपड़ी के जंगल में छिपाया गया है और आरोपी उसे बेचने की फिराक में बहोरी डांडा से सहजादपुर डिडौली मार्ग की ओर आ रहे हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ऑटो को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। इसी दौरान ऑटो में सवार दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में थाना नसीरपुर पुलिस के एचसीपी जितेन्द्र राजौरिया के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घायल और गिरफ्तार आरोपी
सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र रामदास, निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर, हाल निवासी शम्भू नगर पालीवाल चौराहा, थाना शिकोहाबाद। (मुठभेड़ में पैर में गोली लगी)
प्रशान्त उर्फ भोला पुत्र सतीशचन्द्र, निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर।
घायल आरोपी सोनवीर को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
01 अवैध तमंचा .315 बोर
01 जिंदा कारतूस
02 खोखा कारतूस
लूटे गए 1,000 रुपये
लूटा गया मोबाइल फोन
लूटा गया ऑटो (UP-75-BT-6282)
बरामद किया है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह सोलंकी सहित थाना नसीरपुर की टीम शामिल रही।
आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 1 मार्च को हुई लूट की घटना में वांछित थे। इनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।