पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: वांछित अपराधी मुलतान सिंह गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, जिला अस्पताल से आगरा रेफर
फिरोजाबाद | 17 जनवरी 2026
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और वांछित अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में थाना शिकोहाबाद पर दर्ज मुकदमे में फरार चल रहा अभियुक्त मुलतान सिंह पुलिस गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत को देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मुलतान सिंह नगला पोहपी रोड से एनएच-19 की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा है। सूचना मिलते ही शिकोहाबाद पुलिस ने ग्राम नगला पोहपी रोड पर सघन चेकिंग शुरू की। तभी एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बाइक चला रहा दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक लाइसेंसी 315 बोर राइफल, दो खोखा कारतूस और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्त की पहचान मुलतान सिंह पुत्र बचान सिंह निवासी ग्राम जलालपुर, थाना शिकोहाबाद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना शिकोहाबाद में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
मौके से फरार आरोपी की पहचान सोनू पुत्र प्रमोद निवासी ग्राम जलालपुर के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बाइट — एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी
“वांछित अभियुक्त मुलतान सिंह पर कई मुकदमे दर्ज थे। पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश जारी है।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *