फिरोजाबाद में पहली डिजिटल जनगणना की तैयारियां तेज, 23 फरवरी से होगा कार्य शुरू
डीएम रमेश रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, 20-21 फरवरी को प्रशिक्षण
फिरोजाबाद, 17 फरवरी (सू0वि0)।
देश की 16वीं जनगणना, आजादी के बाद की आठवीं तथा भारत की पहली डिजिटल जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित उनके कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा ने भी प्रतिभाग करते हुए जनगणना प्रक्रिया के तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।
जिलाधिकारी ने इसे राष्ट्र महत्व का कार्य बताते हुए निर्देश दिए कि जनगणना को मिशन मोड में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में सभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता बनी रहे।
निर्देशानुसार 20 व 21 फरवरी को जनगणना से जुड़े कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा, जबकि 23 फरवरी से जिले में जनगणना का आधिकारिक कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पहली डिजिटल जनगणना के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।