पीसीटी
समाचार


फिरोजाबाद। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नगला अमान, फिरोजाबाद में प्रथम चरण के मकान सूचिकरण एवं मकानों की गणना के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी फिरोजाबाद द्वारा किया गया।
इस बार होने वाली जनगणना पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिसमें नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया जाएगा। जनगणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस कंप्यूटिंग (सी-डैक) द्वारा विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना से जुड़े सभी आंकड़े ऑनलाइन एकत्र किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर (Web Creator) वेब एप्लीकेशन के माध्यम से मकानों का सूचीकरण किया जाएगा। वहीं जनगणना 2027 में प्रगणकों को कुल 33 प्रश्नों की ऑनलाइन प्रविष्टियां करनी होंगी।
कार्यक्रम में जनगणना के प्रमुख मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार अनुरागी, योगेन्द्र कुमार और अश्वनी जैन द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही जनगणना निदेशालय लखनऊ से नियुक्त जिला प्रभारी अजीत सिंह और सह जिला प्रभारी शनि कुमार राय ने प्रशिक्षण की गंभीरता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ (HLO) मोबाइल एप्लीकेशन के बारे में भी जानकारी दी गई। इस एप के माध्यम से जनगणना कर्मी मकान सूचीकरण से संबंधित डाटा एकत्र कर सीधे सर्वर पर अपलोड कर सकेंगे। यह एप्लीकेशन 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा और एंड्रॉयड व आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर कार्य करेगा।
इसके अलावा जनगणना से जुड़ी सभी गतिविधियों की योजना, प्रबंधन, क्रियान्वयन और निगरानी के लिए केंद्रीकृत वेब आधारित डिजिटल पोर्टल (CMMS) भी तैयार किया गया है। इसके जरिए राज्य, जिला और तहसील स्तर के अधिकारी एकीकृत डैशबोर्ड पर रीयल टाइम में जनगणना की प्रगति और स्थिति की निगरानी कर सकेंगे।
जनगणना कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में 07 मई 2027 से 21 मई 2027 तक स्वगणना की जाएगी। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे।
जिला फिरोजाबाद में इस कार्य के लिए 3 मास्टर ट्रेनर, 88 फील्ड ट्रेनर और लगभग 7000 शासकीय कर्मचारी लगाए जाएंगे, जो 15 चार्ज (तहसील व नगर क्षेत्र) में घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *