फिरोजाबाद में गैस की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम
फिरोजाबाद, 13 मार्च। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर संभावित गैस संकट की अटकलों के बीच जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय आपात बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि जनपद में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, सभी गैस एजेंसी संचालक, उप जिलाधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सामान्य और निरंतर चल रही है, इसलिए जनता किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आए।
डीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार यह घोषणा कराएं कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि इस संवेदनशील स्थिति को कोई भी एजेंसी पैसा कमाने का माध्यम न बनाए। यदि किसी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी या निर्धारित मात्रा से कम गैस देने की शिकायत मिली, तो संबंधित के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रम फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ती है तो उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पेयजल और शेड की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने फिरोजाबाद गहरा सर्विस, जयनारायण गैस सर्विस, यश बाबा पीतांबरा गैस सर्विस और नसीरपुर इंडेन गैस सर्विस सहित कई प्रमुख एजेंसियों से संवाद किया। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले एजेंसी संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गैस एजेंसियों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने सेक्टर, स्टैटिक और जोनल मजिस्ट्रेटों की भी नियुक्ति कर दी है, जो पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे।