पिंक सिटी टाइम्स

Oplus_16908288

फिरोजाबाद में गर्भवती विवाहिता की जलकर मौत, दहेज हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष फरार

फिरोजाबाद जिले के मटसेना थाना क्षेत्र के लेखराजपुर गांव में एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मृतका की पहचान 23 वर्षीय राधा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात इलेक्ट्रिक हीटर से झुलसने के कारण उसकी मौत हुई।
मंगलवार सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मक्खनपुर से लेखराजपुर गांव पहुंचे। उन्होंने राधा के पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही राधा को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था।
मायके पक्ष का आरोप है कि सोमवार रात साजिश के तहत राधा को इलेक्ट्रिक हीटर से जलाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही मटसेना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विमिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क बनी हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *