पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद में उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियां तेज
24 से 26 जनवरी तक ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ थीम पर होंगे भव्य आयोजन
फिरोजाबाद/19 जनवरी/सू0वि0
जनपद में आगामी 24 से 26 जनवरी तक मनाए जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के भव्य एवं गरिमामयी आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक में शासन के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन ‘विकसित उत्तर प्रदेश – विकसित भारत’ थीम पर किया जाएगा। विकास भवन परिसर सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें ‘एक जनपद–एक उत्पाद (ODOP)’ के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आयोजन को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनसामान्य, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह उत्सव जन-आंदोलन का रूप ले सके।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं पर्यटन अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *