फिरोजाबाद: मायके से लौटते ही विवाहिता से मारपीट का आरोप, थाना रामगढ़ में शिकायत
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में एक विवाहिता ने मायके से ससुराल लौटते ही मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता पूनम देवी पत्नी राहुल यादव, निवासी महादेव नगर गली नंबर 14, ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पूनम देवी ने बताया कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण वह पिछले लगभग 10 दिनों से अपने मायके हिमायुपुर में रह रही थीं। इस दौरान उनके पति राहुल यादव फोन पर लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और घर लौटने का दबाव बना रहे थे।
पीड़िता के अनुसार स्थिति को देखते हुए वह अपनी मां के साथ ससुराल महादेव नगर लौट आईं, लेकिन घर पहुंचते ही उनके पति राहुल यादव और सास पुष्पा यादव ने उनके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना रामगढ़ में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पीड़िता ने इसे गंभीर प्रताड़ना का मामला बताया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की तस्वीर साफ हो सकेगी।
oplus_0