पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद: महिला आयोग की सदस्य ने सुनी महिलाओं की पीड़ा, 14 वर्षीय किशोरी को नारी निकेतन भेजने के निर्देश
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी बुधवार को फिरोजाबाद पहुंचीं, जहां दबरई स्थित गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में कुल दो प्रकरण सामने आए। मीना कुमारी ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि महिलाओं और किशोरियों के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद महिला आयोग सदस्य ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया—14 वर्ष की नाबालिग किशोरी ने बताया कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है और उसका सगा भाई ही उसके साथ लगातार अत्याचार करता रहा। साथ ही उसकी नाबालिग अवस्था में जबरन शादी कराने की तैयारी भी की जा रही थी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से शादी रुकवा दी गई।
मामले की गंभीरता देखते हुए मीना कुमारी ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिया कि किशोरी को सुरक्षा और संरक्षण के लिए नारी निकेतन भेजा जाए, ताकि उसे सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने साफ कहा कि बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिलाओं के शोषण से जुड़े मामलों में आयोग सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा, ताकि किसी भी पीड़िता को न्याय से वंचित न होना पड़े।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *