फिरोजाबाद: मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, डीएम रमेश रंजन का औचक निरीक्षण
नारायण इंटर कॉलेज के बूथों पर जांच, फॉर्म-6, 7, 8 व 6ए की स्थिति परखी
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील
फिरोजाबाद। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने औचक निरीक्षण कर निर्वाचन प्रक्रिया की सुचिता और प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान डीएम ने 98-शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नारायण इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 346 से 354 का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त आवेदनों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और फॉर्म-6 (नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम विलोपन), फॉर्म-8 (संशोधन) तथा फॉर्म-6ए (प्रवासी मतदाता) की उपलब्धता व निस्तारण की प्रक्रिया का विस्तार से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्हें जागरूक किया और अपील की कि दावा एवं आपत्ति अवधि का लाभ उठाकर पात्र नागरिक अधिक से अधिक संख्या में अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराएं।
जिलाधिकारी ने समस्त बीएलओ को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसे पूरी सटीकता, समयबद्धता और त्रुटिहीन तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद गजेंद्र पाल सिंह भी उपस्थित रहे।