पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद: भाजपा सभासद ने लगाया मुंशी पर अभद्रता का आरोप, थाने में नारेबाजी; चेयरमैन पति के पहुंचने पर हुई वार्ता
फिरोजाबाद। जनपद के शिकोहाबाद कोतवाली में देर रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब आदर्श नगर वार्ड के भाजपा सभासद शिवम उर्फ अप्पू ने पुलिस के मुंशी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में सभासद और भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि भाजपा सभासद शिवम उर्फ अप्पू किसी व्यक्ति की सिफारिश के सिलसिले में देर रात कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी वहां मौजूद एक सिपाही/मुंशी से कहासुनी हो गई। सभासद का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर के कई सभासद और भाजपा कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंच गए। सभी ने थाने के अंदर बैठकर नारेबाजी की और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। इससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर शिकोहाबाद नगर पालिका चेयरमैन के पति राजीव गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई और मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया।
हालांकि इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिला और थाने में जमकर हंगामा हुआ। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत कराने की कोशिश की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *