फिरोजाबाद ब्रेकिंग न्यूज़ — टूण्डला पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
फिरोजाबाद जनपद के थाना टूण्डला क्षेत्र में पुलिस और 10 हज़ार के इनामी बदमाश कमल उर्फ संजय उर्फ राकेश के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, चाबी का गुच्छा और बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में प्रतापपुर रोड की ओर जा रहा है।
जैसे ही पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।