फिरोजाबाद: बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण, सभी केंद्रों पर 24×7 सीसीटीवी निगरानी के निर्देश
फिरोजाबाद, 05 फरवरी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी रमेश रंजन और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा ने प्रश्नपत्रों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम तथा जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले के 106 परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक केंद्र की लाइव मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में अलग-अलग कंप्यूटर लगाए गए हैं, जिससे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया पर 24×7 निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम में रखी चारों लोहे की अलमारियों पर डबल लॉक अनिवार्य रूप से लगाया जाए और उनकी चाबियां सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग अधिकारियों के पास रहें। साथ ही अलमारियों का मुंह सीसीटीवी कैमरे की ओर तथा स्ट्रांग रूम का मुख्य गेट कैमरे की सीधी निगरानी में होना चाहिए। सभी केंद्रों पर कैमरों की सही लोकेशन और निरंतर ऑनलाइन स्थिति बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
इसके बाद केंद्र व्यवस्थापकों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार और एडीएम विशु राजा ने परीक्षा संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि इन व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाओं के माध्यम से बोर्ड परीक्षा 2026 को पारदर्शी, सुरक्षित और नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।