फिरोजाबाद: पॉक्सो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचे से फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। जनपद में पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में थाना शिकोहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अर्जुन पुत्र रामखिलाड़ी, निवासी ग्राम विदरखा थाना शिकोहाबाद, को गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक 10 मार्च 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना शिकोहाबाद में तहरीर दी थी कि आरोपी अर्जुन उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया और भांडरी नहर पुल के पास तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
इस मामले में थाना शिकोहाबाद में मुकदमा संख्या 167/2026 के तहत धारा 137(2)/65(2) बीएनएस और 5(m)/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा उसने भांडरी नहर पुल के पास झाड़ियों में छिपा दिया था।
इसी क्रम में पुलिस टीम आरोपी को लेकर अवैध तमंचे की बरामदगी के लिए 11 मार्च की रात करीब 1 बजे भांडरी नहर पुल के पास पहुंची। तलाशी के दौरान आरोपी ने अचानक झाड़ियों से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम बाल-बाल बच गई।
इसके बाद आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी अर्जुन के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बरामदगी:
01 तमंचा 315 बोर
01 खोखा कारतूस
02 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक मनमोहन शर्मा, उपनिरीक्षक राजीव गौतम, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, उपनिरीक्षक फैसल खान, उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सोनू कुमार, उपनिरीक्षक ऋषभ, हेड कांस्टेबल उदयप्रताप सिंह और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।