फिरोजाबाद पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड, एसएसपी सौरभ दीक्षित ने ली सलामी
डिजिटल खबर:
फिरोजाबाद। पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित ने परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया और अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई और शारीरिक प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न कवायदें कराईं। परेड के बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड, आरटीसी बैरक, भोजनालय सहित पुलिस लाइन की समस्त शाखाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान परिवहन शाखा, रेडियो शाखा, बैरक, कैंटीन, आटा चक्की, लाइब्रेरी, आरटीसी कंप्यूटर लैब, आर्म्स वर्कशॉप, स्टोर, डीएफएमडी कक्ष और कैश कार्यालय का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।