फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में शातिर लुटेरा जाहिद उर्फ डीपर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद, 27 मार्च 2026। जनपद के थाना टूण्डला क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पुलिस ने दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत टूण्डला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोबाइल लूट की घटना में वांछित आरोपी बन्ना रोड स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह भागने लगा, लेकिन हड़बड़ी में उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जाहिद उर्फ डीपर पुत्र शराफत अली, निवासी जाटवपुरी थाना रसूलपुर, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह थाना टूण्डला में दर्ज मोबाइल लूट के मुकदमे (मु0अ0सं0 145/2026) में फरार चल रहा था।
मोबाइल लूट की घटना का खुलासा
11 मार्च 2026 को एनएच-19 स्थित पारस कोल्ड स्टोर के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से वीवो Y400 प्रो मोबाइल लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने इस घटना को स्वीकार कर लिया है और अपने साथी असलम का नाम भी उजागर किया है, जिसकी तलाश जारी है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
315 बोर का अवैध तमंचा
एक जिंदा व एक खोखा कारतूस
लूटा गया मोबाइल फोन (Vivo Y400 Pro)
घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
बरामद की है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, जाहिद उर्फ डीपर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अस्पताल में भर्ती, साथी की तलाश जारी
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उसके फरार साथी असलम की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।