पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में बाइक लूट का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। थाना नारखी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल लूट की घटना में वांछित एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टूण्डला के पर्यवेक्षण में थाना नारखी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से बैंदी की पुलिया की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही एसओजी और थाना नारखी पुलिस टीम ने बैंदी की पुलिया के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सौरभ सिंह पुत्र उदल सिंह निवासी नागऊ, थाना टूण्डला, जनपद फिरोजाबाद बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP 83 BC 6554), एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 24 फरवरी 2026 को कपावली चौराहे पर मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में थाना नारखी में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी द्वारा दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना नारखी में लूट और अन्य आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *