फिरोजाबाद: थाना नारखी पुलिस ने अवैध तमंचा सहित युवक को किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
फिरोजाबाद। जनपद में अवैध हथियारों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नारखी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद श्री सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चल रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी टूंडला के नेतृत्व में थाना नारखी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने श्रीराम गढ़ी चौराहे के पास से अभियुक्त जाहिद पुत्र गुलशेर, निवासी नगला सौंठ, थाना नारखी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नारखी में मु0अ0सं0-27/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले भी थाना नारखी में मु0अ0सं0-26/2026 धारा 296 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियार सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राकेश कुमार गिरी, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार राय और आरक्षी राजकुमार (591) शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।