फिरोजाबाद चलती लोडर मैजिक में उठा धुआं, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के जैननगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती लोडर मैजिक से अचानक धुएं के गुबार उठने लगे। सड़क पर चलते वाहन से धुआं निकलते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडर मैजिक जैसे ही जैननगर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी उसके इंजन हिस्से से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभालने में मदद की। हालांकि, समय रहते वाहन रोक लेने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि धुआं शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के चलते उठा हो सकता है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
👉 फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं