पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद: गैस एजेंसियों पर सख्ती, कालाबाजारी पर लाइसेंस रद्द की चेतावनी
फिरोजाबाद, 17 मार्च। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनपद की सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ आपात बैठक कर घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना चाहिए और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसी संचालकों की जिम्मेदारी है।
बैठक में जिलाधिकारी ने पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की सघन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे उपभोक्ता अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर का उपयोग न कर रहे हों। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वितरण रजिस्टर से प्रतिदिन रैंडम आधार पर 50 उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक लिया जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि गैस सही उपभोक्ता तक पहुंच रही है और वितरण में कोई गड़बड़ी नहीं है।
जिलाधिकारी ने साफ चेतावनी दी कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी की संलिप्तता पाई गई तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा।
साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं और गैस एजेंसियों का आकस्मिक निरीक्षण करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा भी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *