पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद क्राइम: नहर में मिले शव का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल
फिरोजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र में नहर से मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी योगेश उर्फ कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया अंगोछा भी बरामद किया गया है।
दरअसल, 17 मार्च 2026 को जेड़ा झाल नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान गांव हथोली जयसिंहपुर निवासी अरविन्द के रूप में हुई। मामले में 22 मार्च को परिजनों की तहरीर पर थाना एका में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मिलकर जांच शुरू की। इसी दौरान शक की सुई गांव के ही योगेश उर्फ कन्हैया पर जा टिकी। पुलिस ने 23 मार्च को धारू पुल के पास से आरोपी को दबोच लिया।
रिश्तों के शक ने लिया खौफनाक रूप
पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, वह रिश्तों के शक और गुस्से की खौफनाक तस्वीर पेश करती है। आरोपी योगेश, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है, होली पर गांव आया था। उसे शक था कि उसकी बहन और पत्नी के अवैध संबंध मृतक अरविन्द और उसके भाई के साथ हैं।
इसी बात से आहत होकर उसने अरविन्द को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाया और 16 मार्च की शाम जेड़ा नहर किनारे ले गया। दोनों ने वहां बैठकर शराब पी। इसी दौरान अरविन्द द्वारा आरोपी की बहन को लेकर कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने पर योगेश आपा खो बैठा।
अंगोछे से घोंट दी जान, शव नहर में फेंका
गुस्से में आरोपी ने अरविन्द के गले में पड़े अंगोछे से ही उसका गला घोंट दिया और हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को नहर में फेंक दिया और सबूत मिटाने के लिए अंगोछा पास ही फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगोछा भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना एका पुलिस और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी और मैनुअल जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचकर घटना का पर्दाफाश किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *