फिरोजाबाद: किसानों से ट्रैक्टर किराये पर लेकर बेचने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 1.35 करोड़ के 17 ट्रैक्टर पहले ही बरामद
फिरोजाबाद। जनपद में किसानों के साथ धोखाधड़ी कर ट्रैक्टर हड़पने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शिकोहाबाद क्षेत्र में किसानों से ट्रैक्टर किराये पर लेने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ पहले ही किया जा चुका है। इसी मामले में फरार चल रहे आरोपी देवकी नंदन पुत्र सियाराम निवासी पैलखू थाना बरसाना जनपद मथुरा (हाल निवासी विकास नगर थाना हाईवे मथुरा) को 9 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया।
किराये के बहाने ट्रैक्टर लेकर कर देते थे गायब
पुलिस जांच में सामने आया कि टीटू और डब्बू उर्फ समीर ने शिकोहाबाद में एक ऑफिस खोल रखा था। गिरोह के सदस्य किसानों को लालच देते थे कि उनके ट्रैक्टर को हर महीने 25 हजार रुपये किराये पर चलाया जाएगा।
किसानों का भरोसा जीतने के बाद आरोपी ट्रैक्टर अपने कब्जे में लेकर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर देते थे और फिर उन्हें अन्य जनपदों में बेच देते थे।
कई जिलों में बेचे गए ट्रैक्टर
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने चोरी किए गए ट्रैक्टरों को बाराबंकी, बुलंदशहर, हाथरस, अलीगढ़, मुरादाबाद, अमरोहा, सम्भल और गोरखपुर समेत कई जिलों में बेचकर अवैध कमाई की।
1.35 करोड़ के 17 ट्रैक्टर पहले ही बरामद
इस पूरे मामले में पुलिस पहले ही कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये कीमत के 17 ट्रैक्टर बरामद कर चुकी है। साथ ही इससे पहले 5 आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी की यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।