पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट में भूकंप आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, NDRF-SDRF ने दिखाया राहत और बचाव का अभ्यास
फिरोजाबाद, 16 मार्च।
जिले में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचक बल (SDRF) के संयुक्त तत्वावधान में कराया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें मलवे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बचाव टीमों ने राहत कार्यों की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया, ताकि वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अभ्यास में भूकंप के अलावा अग्निकांड और जलभराव जैसी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसी भी जटिल आपदा की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
मॉक ड्रिल के समापन पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विशु राजा ने सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय प्रतिक्रिया समय को कम करना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी आपदाएं अचानक आती हैं, इसलिए इस तरह की तैयारियां वास्तविक संकट के समय बेहद उपयोगी साबित होती हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, बीएसए आशीष पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ, होमगार्ड के जवान तथा स्वास्थ्य, अग्निशमन, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें मौजूद रहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *