पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद: एम्बुलेंस चालक और ईएमटी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, घायल महिला की चेन पुलिस को सौंपी
फिरोजाबाद। जनपद फिरोजाबाद में 108 एम्बुलेंस सेवा के चालक और ईएमटी ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक घायल महिला का सामान सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उनके इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र में एक महिला ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा के चालक गौरव और ईएमटी श्रवण कुमार पाठक तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए घायल महिला को प्राथमिक उपचार देते हुए सरकारी ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया।
महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद जब एम्बुलेंस की सफाई की जा रही थी, तभी वाहन में महिला की सफेद धातु की चेन मिली। चालक और ईएमटी ने पूरी ईमानदारी दिखाते हुए उस चेन को अपने पास रखने के बजाय तत्काल सरकारी ट्रोमा सेंटर पुलिस चौकी इंचार्ज को सौंप दिया, ताकि वह महिला या उसके परिजनों को सुरक्षित वापस मिल सके।
एम्बुलेंस कर्मियों की इस ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अस्पताल स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने भी सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कर्मचारी समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी को प्राथमिकता देते हैं।
108 एम्बुलेंस सेवा के इन कर्मियों द्वारा पेश की गई ईमानदारी की यह मिसाल लोगों के लिए प्रेरणादायक बन गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *