फिरोज़ाबाद : टूंडला में ‘ठेका पार्किंग’ के नाम पर अवैध वसूली, शिकायत लेकर तहसील पहुंचे ऑटो चालक
फिरोज़ाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों के बावजूद टूंडला क्षेत्र में ठेका पार्किंग के नाम पर ऑटो चालकों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंग किस्म के लोग टूंडला चौराहे पर पार्किंग शुल्क के बहाने जबरन वसूली कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट तक पर उतर आते हैं।
ऑटो चालकों का कहना है कि राज्य सरकार ने अवैध वसूली पर सख्त रोक लगा रखी है, इसके बावजूद दबंगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पीड़ित चालकों ने बताया कि वसूली करने वाले लोग अधिकारियों का नाम लेकर दबाव बनाते हैं और पैसे देने के लिए मजबूर करते हैं।
लगातार हो रही कथित जबरन वसूली से परेशान होकर दर्जनों ऑटो चालक एकजुट होकर टूंडला तहसील पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। चालकों ने आरोप लगाया कि वसूली के दौरान उनके साथ अभद्रता और मारपीट भी की जाती है।
ऑटो चालकों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि अवैध वसूली करने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि रोज़गार करने वाले आम श्रमिकों को राहत मिल सके।
उधर, मामले की शिकायत मिलते ही प्रशासनिक हलकों में भी हलचल है। अब देखने वाली बात यह होगी कि शासन के आदेशों की खुलेआम अवहेलना करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।