फिरोजाबाद
फर्जी फर्म बनाकर 2.20 करोड़ की जीएसटी चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद के थाना उत्तर पुलिस ने फर्जी फर्म खोलकर 2.20 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जीएसटी फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने यह कार्रवाई की। मामला थाना उत्तर पर दर्ज मुकदमा जीएसटी अधिनियम से संबंधित है। अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर M/s DIVYAHYBRID PRIVATE LIMITED नामक फर्जी फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराया। इसके लिए रेंट एग्रीमेंट सहित अन्य दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए वर्ष 2023-24 में बिना किसी वास्तविक माल की खरीद के 8.32 करोड़ रुपये तथा 2024-25 में 7.58 लाख रुपये का फर्जी विक्रय दर्शाया गया। इस दौरान आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का गलत लाभ लेते हुए कुल 2.20 करोड़ रुपये की जीएसटी देनदारी उत्पन्न की गई, जिसका भुगतान नहीं किया गया।चार्टेड अकाउंटेंट की तलाश पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एक चार्टेड अकाउंटेंट ने अपने कंप्यूटर संसाधनों के माध्यम से फर्म के पंजीकरण से लेकर फर्जी बिल-बाउचर तक की पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। उसकी तलाश जारी है।जीएसटी विभाग द्वारा संबंधित सभी फर्मों का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। घटना में प्रयुक्त बैंक खातों को सीज करने की प्रक्रिया चल रही है तथा अन्य संदिग्ध लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।