प्रसव के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव महीपुरा निवासी 26 वर्षीय भावना पचौरी की पहली डिलीवरी के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भावना पचौरी पत्नी आकाश पचौरी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन कोटला रोड स्थित ओम नगर कॉलोनी चौकी से आगे स्थित न्यू कामायानी हॉस्पिटल में भर्ती कराने लाए थे। यह उनकी पहली संतान थी। बताया जा रहा है कि प्रसव के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया, जिसके कारण भावना की जान चली गई। घटना के बाद परिवार के लोग अस्पताल परिसर में बिलखते रहे।
सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजन शिकायत दर्ज कराते हैं तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक नवजात शिशु की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। विवाह के कुछ वर्ष बाद पहली संतान के जन्म के दौरान हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही गई है।
Oplus_16908288