पिंक सिटी टाइम्स

जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर गांववासियों से सीधे संवाद किया। ‘‘प्रशासन गांव की ओर’’ अभियान के तहत उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निवारण का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही सरकार की योजनाओं और नागरिक अधिकारों की जानकारी देकर हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

तहसील फिरोजाबाद की ग्राम पंचायत नैपई के मजरा कपावली पहुंचे जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से बातचीत की। यहां सात हेक्टेयर में फैली झील को ईको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र छह लेन सड़क से मात्र 300 मीटर की दूरी पर है, जिससे यहां पर्यटन की बेहतर संभावनाएं हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर अलग पहचान बनाएगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पचवान के हुसैनपुर बैंदी क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने फैज-1 के अंतर्गत शेष भूमि के शीघ्र अधिग्रहण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के बाद यहां आवासीय कॉलोनी विकसित कर मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे गांववासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी गुंजन द्विवेदी व विशु राजा, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय, तहसीलदार, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *