पीसीटी
समाचार

पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस – फिरोजाबाद कनेक्शन और तांत्रिक कमरुद्दीन का जाल।
पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस – तांत्रिक कमरुद्दीन का फिरोजाबाद कनेक्शन, दिल्ली पुलिस की तफ्तीश तेज।


दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन शव मिलने के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस ट्रिपल मर्डर केस में गिरफ्तार कथित तांत्रिक कमरुद्दीन का कनेक्शन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से जुड़ा पाया गया है। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी तंत्र-मंत्र और गड़े खजाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर वारदातों को अंजाम दे चुका है। मई 2025 में फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में दो युवकों की संदिग्ध मौत का मामला भी अब दोबारा सुर्खियों में है।आखिर कौन है कमरुद्दीन? कैसे तंत्र-मंत्र के नाम पर बुना गया यह खौफनाक जाल? और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है? देखिए हमारी यह विस्तृत रिपोर्ट।


दिल्ली के पश्चिमी इलाके पीरागढ़ी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी कार के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद हुए। स्थानीय लोगों ने बदबू आने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कार को खोला गया और अंदर का नज़ारा देख हर कोई सन्न रह गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना। कार की जांच, कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ी। इसी दौरान एक नाम बार-बार सामने आया — कमरुद्दीन, जो खुद को तांत्रिक और “भगत” बताता था। सूत्रों के अनुसार, मृतकों का संपर्क कमरुद्दीन से तंत्र-मंत्र और गड़े हुए धन के लालच में हुआ था। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि आरोपी का अतीत फिरोजाबाद से जुड़ा हुआ है।


8 मई 2025 – थाना मक्खनपुर क्षेत्र, फिरोजाबाद। एक बाउंड्री के अंदर दो युवकों के शव मिले थे। शवों के पास से नींबू, कुछ तांत्रिक सामग्री और लड्डू बरामद हुए थे। मामला संदिग्ध था। जांच में मृतकों की पहचान रामनाथ और पूरन सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने आरोप लगाया था कि उन्हें गड़ा खजाना निकालने और धन वर्षा कराने का लालच दिया गया था। आरोप था कि लड्डुओं में जहर मिलाकर दोनों की हत्या की गई। उस समय कमरुद्दीन गिरफ्तार हुआ, जेल गया और बाद में जमानत पर बाहर आ गया। अब जब दिल्ली ट्रिपल मर्डर केस सामने आया, तो पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर देखना शुरू कर दिया है।


कमरुद्दीन का ठिकाना फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र, आकाशवाणी रोड बताया जा रहा है। यहां वह ‘बिस्मिल्लाह मैरिज होम’ का संचालन करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह कुछ समय से दिल्ली में रह रहा था। हाल ही में देर रात पुलिस की कई गाड़ियां उसके घर पहुंचीं और पूछताछ की गई। पड़ोसी गुलफाम का कहना है— “हमने मीडिया में देखा कि कमरुद्दीन बाबा पकड़े गए हैं। यहां मैरिज होम चलता था, ज्यादा जानकारी नहीं थी।”


मृतक पूरन सिंह के भतीजे दीपक का कहना है— 9 मई 2025 को हमारे चाचा कमरुद्दीन के पास गए थे। शाम के बाद उनका फोन बंद हो गया। सुबह अस्पताल में पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है। मृतक रामनाथ की पत्नी कुसमा देवी ने कहा— “वह शादी में गए थे, फिरोजाबाद गए और बोले सुबह आ जाएंगे। लेकिन सुबह पुलिस की सूचना मिली कि उनकी हत्या हो गई।” रामनाथ के भाई का आरोप है कि “लड्डू में जहर देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर मार दिया गया। ऐसे लोगों को फांसी की सजा होनी चाहिए।”


दिल्ली पुलिस आरोपी कमरुद्दीन को लेकर फिरोजाबाद पहुंची। सबसे पहले थाना रामगढ़ में आमद दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को उसके घर ले गई, जहां तलाशी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की एक मजार पर भी जांच की गई, जहां कथित तौर पर तांत्रिक क्रियाएं की जाती थीं। जिला अस्पताल में आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उसे दिल्ली ले जाया गया।


क्या कमरुद्दीन अकेले काम करता था या कोई नेटवर्क था? क्या तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को आर्थिक रूप से भी ठगा जाता था? क्या अन्य राज्यों में भी ऐसे मामले जुड़े हैं? पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है।


पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस ने एक बार फिर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर फैल रहे जाल को उजागर कर दिया है। दिल्ली और फिरोजाबाद पुलिस मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे संभव हैं। फिलहाल आरोपी कमरुद्दीन पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *